Loading...

नाहन में साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने विकास का एक भी नया काम नहीं किया : डॉ. राजीव बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नगर परिषद चुनावों के लिए पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यों, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और पर्यटन परियोजनाओं को लेकर कई घोषणाएं कीं तथा कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में देरी के आरोप लगाए।

नाहन

नगर परिषद चुनावों के लिए भाजपा ने जारी किया “हमारा संकल्प” पत्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नगर परिषद चुनावों के लिए पार्टी का “हमारा संकल्प” पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित बोर्ड बनने पर नाहन शहर के प्रत्येक वार्ड में पार्किंग निर्माण कार्य किए जाएंगे और सभी क्षेत्रों में 12 महीने नियमित स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में पार्क विकसित किए जाएंगे तथा शहर के विभिन्न हिस्सों में आधुनिक बारात घर और सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे।

फाउंड्री क्षेत्र में मल्टी स्टोरी पार्किंग और सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा

डॉ. बिंदल ने कहा कि अमरपुर मोहल्ला स्थित पुराने फाउंड्री क्वार्टर क्षेत्र को पुनर्विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां मल्टी स्टोरी पार्किंग, पार्क और सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा फाउंड्री क्षेत्र में वार्ड नंबर 4, 5 और 6 के लिए बड़ी मल्टी स्टोरी पार्किंग विकसित करने की योजना भी भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल है। उन्होंने कहा कि शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए धुआं रहित वाहनों की व्यवस्था की जाएगी तथा कांग्रेस सरकार द्वारा लंबित रखे गए सीवरेज प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा।

खेल और पर्यटन परियोजनाओं पर भी रखा पक्ष

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नाहन में इंडोर स्टेडियम और शूटिंग रेंज का निर्माण करवाया गया था। भविष्य में शहर में अन्य खेल सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा कालिस्थान तालाब, रानीताल, रामकुंडी तालाब और विला राउंड जैसे ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों को दोबारा शुरू करने की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान इन परियोजनाओं की प्रगति प्रभावित हुई है।

500 बिस्तरों वाले अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाओं का किया उल्लेख

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर 500 बिस्तरों वाले अस्पताल परियोजना को पूरा किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में 1000 डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके अलावा शहर में वैकल्पिक सड़कों का निर्माण कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक बनाने की बात भी उन्होंने कही।

भाजपा सरकार के पुराने कार्यकाल के विकास कार्य गिनाए

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय नाहन को गिरी नदी का पानी उपलब्ध करवाया गया था। इसके अलावा महाराणा प्रताप पार्क, रानी झांसी पार्क, अंबेडकर पार्क, हिमाचली पार्क और गुरु गोविंद सिंह पार्क का निर्माण भी भाजपा सरकार के दौरान किया गया। उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर मल्टी स्टोरी पार्किंग, शिमला रोड पार्किंग, विजिलेंस कार्यालय, एसपी कार्यालय, बीडीओ कार्यालय और हिमाचल की कोऑपरेटिव बैंक बिल्डिंग का निर्माण भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ था।

कांग्रेस सरकार पर लगाए विभिन्न आरोप

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर कई संस्थानों को बंद करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के 21 स्कूलों, पटवार सर्कलों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सब तहसीलों और पशु अस्पतालों पर ताले लगाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाओं को अभी तक राशि नहीं मिली है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका की पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण रोक दिया गया और कई विकास परियोजनाएं लंबित पड़ी हैं।

मेडिकल कॉलेज और अन्य परियोजनाओं को लेकर भी उठाए सवाल

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग, नर्सिंग कॉलेज और माता-शिशु अस्पताल जैसी परियोजनाओं पर अपेक्षित कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नर्सिंग कॉलेज के लिए ₹70 करोड़ और माता-शिशु अस्पताल के लिए ₹20 करोड़ स्वीकृत किए गए थे, लेकिन परियोजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में है तथा पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद है।

Related Topics: