विकास हजम नहीं हो रहा, विरोधियों की हरकत निंदनीय: नरेंद्र तोमर
Himachalnow / नाहन
नाहन क्षेत्र में शिलान्यास पट्टिकाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने माहौल गरमा दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है। नरेंद्र तोमर ने इसे विकास विरोधी मानसिकता बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नाहन
नाहन क्षेत्र में शिलान्यास पट्टिकाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने माहौल गरमा दिया है। क्षेत्र के लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है और इस कृत्य को खुले तौर पर विकास विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को काशीवाला-जबलबाग-बनोग सड़क तथा गोशाला-बोगरिया मार्ग का विधिवत शिलान्यास किया गया था।यह परियोजनाएं क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष और वर्षों की मांग के बाद साकार हुई थीं। लेकिन 19 अप्रैल की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इन शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़कर न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि जनभावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाई।
घटना के विरोध में सड़क सुरक्षा क्लब के अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र तोमर की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में नाहन पंचायत क्षेत्र और बोगरिया गांव के दर्जनों लोग शामिल रहे।नरेंद्र तोमर ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि जिस सड़क के लिए वर्षों तक स्थानीय लोगों ने संघर्ष किया, उसकी शिलान्यास पट्टिकाएं तोड़ना बेहद घृणित और निंदनीय कृत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र का विकास कुछ लोगों को हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सब जानते हैं कि यह हरकत किन लोगों द्वारा करवाई गई है, लेकिन प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि चाहे असामाजिक तत्व कितना भी जोर लगा लें, क्षेत्र के विकास को किसी भी सूरत में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विधायक अजय सोलंकी की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोगों के असहज होने की बात भी कही।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि मामले की शीघ्र जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और भारतीय दंड संहिता के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही टूटी हुई शिलान्यास पट्टिकाओं को आरोपियों से ही ठीक करवाने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान पूर्व प्रधान बाबूराम, राजकुमार, अरुण, भजन सिंह, वीरेंद्र पासी, मदन सूर्यवंशी, बालकिश, बानो, तबस्सुम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।उधर उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
