Loading...

मोक्षधाम मार्ग को जल्द मिलेगा नया स्वरूप, डेढ़ वर्ष से लंबित कार्य अब गति पर : अजय सोलंकी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 13 Jun 2026 • 1 Min Read

मोक्षधाम मार्ग के निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कर दिया गया है और इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि यह मार्ग जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। नाहन शहर में विद्युत व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी कई विकास कार्य जारी हैं।

नाहन

नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने वार्ड नंबर एक से गुजरने वाले मोक्षधाम मार्ग का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय लोगों से कार्य की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए करीब डेढ़ वर्ष पूर्व धनराशि उपलब्ध करवाई गई थी, लेकिन दुर्भाग्यवश नगर परिषद उस राशि को समय पर खर्च नहीं कर सकी, जिसके कारण कार्य लंबित रहा। उन्होंने कहा कि अब डीआरडीए के माध्यम से बजट स्वीकृत करवाकर सड़क निर्माण का कार्य दोबारा शुरू करवाया गया है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मोक्षधाम को जाने वाला यह मार्ग किसी राजनीतिक दल, विचारधारा या वर्ग विशेष का नहीं है, बल्कि यह वह रास्ता है जिससे होकर हर व्यक्ति अपनी अंतिम यात्रा पर निकलता है। ऐसे में इस सड़क का निर्माण राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं और जनहित से जुड़ा विषय है। इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने नाहन शहर की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शहर में जो अव्यवस्था और बदहाली का माहौल था, उसे व्यवस्थित करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। शहर की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से पटरी पर लाया जा रहा है।

अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन शहर में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विश्व बैंक परियोजना के तहत 56 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर किए गए हैं। इसके अंतर्गत 40 ट्रांसफार्मरों का उन्नयन भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहरवासियों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी।

राजनीतिक टिप्पणी करते हुए विधायक ने कहा कि उन्हें चर्चा में बने रहने या अनावश्यक प्रचार-प्रसार से अधिक रुचि धरातल पर काम करने में है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच किए गए कार्य ही सबसे बड़ा उत्तर होते हैं। जो लोग केवल बयानबाजी और राजनीति तक सीमित हैं, उन्हें जनता सब देख रही है। उनका प्रयास है कि विकास कार्यों के माध्यम से लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जाए और शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए।

इस अवसर पर वार्ड नंबर एक के पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, पार्षद राकेश पपली, वार्ड नंबर दो के पार्षद नरेंद्र तोमर तथा क्षेत्र के अनेक स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।