“10 साल में नाहन बना अव्यवस्थाओं का शहर, अब जनता बदलाव के मूड में”
नाहन नगर परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा शासित परिषद के 10 साल के कार्यकाल पर बड़ा हमला बोला है। विधायक अजय सोलंकी ने शहर की बदहाल व्यवस्थाओं, पार्किंग संकट और नशे जैसे मुद्दों को प्रमुख चुनावी विषय बताया। कांग्रेस ने जवाबदेह नगर परिषद और नए विकास विजन के साथ जनता से समर्थन मांगा है।
नाहन
17 मई को होने वाले नाहन नगर परिषद चुनाव से पहले शहर की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा शासित नगर परिषद के 10 वर्षों के कार्यकाल को सीधे निशाने पर लेते हुए शहर की बदहाल व्यवस्थाओं, पार्किंग संकट, बेसहारा पशुओं, गंदगी, बंदरों और नशे जैसे मुद्दों पर बड़ा चुनावी हमला बोला है। वीरवार को नाहन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में विधायक अजय सोलंकी अपने सभी 13 वार्डों के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के साथ एकजुट दिखाई दिए और उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस बार नाहन की जनता केवल चेहरे नहीं बल्कि जवाबदेही, विजन और विकास पर वोट करेगी।
अजय सोलंकी ने भाजपा समर्थित परिषद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “नगीना” कहलाने वाला नाहन शहर पिछले 10 वर्षों में अव्यवस्थाओं का शिकार हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिषद जनता की उम्मीदों पर खरी उतरने में पूरी तरह विफल रही और शहर की मूल समस्याएं लगातार बढ़ती चली गईं। सोलंकी ने कहा कि नगर परिषद को जनता की सुविधाओं का केंद्र होना चाहिए था, लेकिन बीते वर्षों में यह केवल राजनीतिक दिखावे तक सीमित होकर रह गई।
उन्होंने कहा कि विधायक निधि और अन्य मदों से शहर के विभिन्न वार्डों के लिए योजनाबद्ध तरीके से बजट उपलब्ध करवाया गया, लेकिन परिषद की निष्क्रियता के चलते कई योजनाएं जमीन तक नहीं पहुंच सकीं। सोलंकी ने कहा कि सर्कुलर रोड पर इंटरलॉक टाइलें हटाकर डामर सड़क बनवाने से लेकर गुरुद्वारा साहिब से कोर्ट रोड तक पक्की सड़क निर्माण के लिए सरकार द्वारा लाखों रुपये का बजट उपलब्ध करवाया गया। इसके बावजूद शहर की समग्र व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा।विधायक ने कहा कि कांग्रेस समर्थित नगर परिषद बनने के बाद हर वार्ड के लिए अलग विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा।
उन्होंने माना कि शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है और इसके समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में पार्किंग विकल्प विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम करने और शहर को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नई कार्ययोजना लागू की जाएगी।अजय सोलंकी ने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए मां बाला सुंदरी त्रिलोकपुर क्षेत्र में गौशाला निर्माण की योजना बनाई जाएगी। वहीं शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक को नियंत्रित करने के लिए डॉग शेल्टर स्थापित करने और बंदरों की समस्या से राहत दिलाने के लिए भी विशेष योजना तैयार की जाएगी।
नशे के मुद्दे पर बोलते हुए विधायक ने कहा कि सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल में नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाने और उनकी संपत्तियों को अटैच करने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि अब नगर परिषद स्तर पर भी सामाजिक भागीदारी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक वार्ड से 10-10 लोगों को जोड़कर विशेष टास्क फोर्स बनाई जाएगी, जो युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि शहर के ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी कांग्रेस के विजन का हिस्सा है ताकि नाहन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।
सोलंकी ने दावा किया कि इस बार नाहन की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और लोग केवल राजनीतिक नारों से नहीं बल्कि काम और भविष्य की ठोस योजना से प्रभावित होंगे। उन्होंने शहरवासियों से 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।इस दौरान वार्ड नंबर 1 से कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, वार्ड नंबर 2 से नरेंद्र तोमर, वार्ड नंबर 3 से उपमा धीमान, वार्ड नंबर 4 से श्रद्धा शर्मा, वार्ड नंबर 5 से समीना खान, वार्ड नंबर 6 से योगेश गुप्ता, वार्ड नंबर 7 से राकेश गर्ग, वार्ड नंबर 8 से वीरेंद्र पासी, वार्ड नंबर 9 से कुसुम तोमर, वार्ड नंबर 10 से वसीम खान, वार्ड नंबर 11 से हरप्रीत, वार्ड नंबर 12 से राकेश कुमार तथा वार्ड नंबर 13 से सर्वजीत कौर भी मौजूद रहे।
