Loading...

नाहन में प्रगति सबलोक ने जन्मदिन पर लगाया नेत्र जांच शिविर, 138 लोगों की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 55 Mins Ago • 1 Min Read

जन्मदिन पर केक नहीं, प्रगति सबलोक ने बांटी ‘रोशनी’, 138 लोगों की हुई निशुल्क नेत्र जांच

नाहन, 29 अगस्त। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, लेकिन रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की प्रधान प्रगति सबलोक ने अपने जन्मदिन को समाजसेवा के नाम कर एक अलग मिसाल पेश की। उन्होंने जन्मदिन पर औपचारिक जश्न के बजाय अक्षरधाम पब्लिक स्कूल के परिसर में निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित करवाकर लोगों की आंखों की जांच के साथ उन्हें स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की ओर से आयोजित इस शिविर में कपिल आई हॉस्पिटल अंबाला सिटी की मेडिकल टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में अक्षरधाम पब्लिक स्कूल के 72 विद्यार्थियों, 66 स्टाफ सदस्यों तथा आसपास के लोगों सहित कुल 138 लोगों की निशुल्क नेत्र जांच की गई। इसके अलावा 15 लोगों के निशुल्क श्रवण परीक्षण (पीटीए) भी किए गए।

इस अवसर पर प्रगति सबलोक ने विद्यार्थियों के साथ अपना जन्मदिन भी मनाया। उन्होंने कहा कि आंखें हमारे जीवन का अनमोल हिस्सा हैं और समय-समय पर इनकी जांच करवाना बेहद जरूरी है। जन्मदिन पर नेत्र जांच शिविर आयोजित करना उनके लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।

अक्षरधाम पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश सैनी ने रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स का आभार जताते हुए कहा कि शिविर से विद्यार्थियों, स्टाफ और अभिभावकों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली। उन्होंने प्रगति सबलोक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी इस पहल की सराहना की।

शिविर में रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स के सचिव विकास रतन, कुलदीप सिंह, राजीव बंसल, नेत्र शिविर के चेयरमैन डॉ. सुरेश कुमार सबलोक, सुशील अत्रि, डॉ. सीएल शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। रोटरी कम्युनिटी कॉप्स सिरमौर के प्रधान अजय तोमर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

प्रगति सबलोक की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन केवल अपने लिए खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि किसी और के जीवन में रोशनी और खुशियां बांटने का दिन भी हो सकता है।

Related Topics: