Loading...

नाहन में 13.24 करोड़ की दो सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ, विधायक अजय सोलंकी ने किया भूमि पूजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन विधानसभा क्षेत्र के सैनवाला और बर्मा पापड़ी में 13.24 करोड़ रुपये की लागत वाली दो सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। विधायक अजय सोलंकी ने बुधवार को भूमि पूजन और शिलान्यास किया। दोनों परियोजनाओं को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नाहन

विधायक अजय सोलंकी ने सबसे पहले सैनवाला में सैनवाला-झमीरिया-बोगरिया-कटोला संपर्क सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस सड़क के निर्माण पर 6 करोड़ 98 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद उन्होंने बर्मा पापड़ी में बर्मा पापड़ी-पालियों-माजरी सड़क के मरम्मत और अपग्रेडेशन कार्य का शुभारंभ किया। नाबार्ड के तहत कराए जा रहे इस कार्य पर 6 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

सैनवाला और बर्मा पापड़ी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों सड़क परियोजनाओं के लिए एफआरए अनुमति मिलने में देरी के कारण निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका था। अब सभी आवश्यक अनुमतियां मिल चुकी हैं और एक वर्ष के भीतर ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है।

विधायक अजय सोलंकी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात के दौरान बंद होने वाली सड़कों को शीघ्र बहाल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को निर्माण और मरम्मत कार्य तय अवधि में पूरा करना होगा, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

ग्रामीणों की समस्याओं पर सप्ताहभर में कार्रवाई के निर्देश

बर्मा पापड़ी में विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। कुछ समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में बीडीओ नाहन, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ई. आलोक जनवेजा, शिक्षा उपनिदेशक हायर मदन लाल, शिक्षा उपनिदेशक एलीमेंट्री राजीव ठाकुर और रोड सेफ्टी क्लब कालाअंब के अध्यक्ष सोमनाथ भाटिया मौजूद रहे।

इस अवसर पर सोहन राजपूत, ज्ञान चौधरी, शिव चरण, जीएस पंवार और भीम सिंह गौड सहित सैनवाला, बर्मा पापड़ी तथा पालियों पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सड़क परियोजनाओं के निर्माण और अपग्रेडेशन से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।

Related Topics: