नालागढ़ ग्रेनेड मामले में आरोपी के खेत से दूसरा ग्रेनेड बरामद, पत्नी भी गिरफ्तार; SIT गठित
नालागढ़ ग्रेनेड बरामदगी मामले में बद्दी पुलिस की जांच के दौरान आरोपी के मकान से सटे खेत से एक और ग्रेनेड बरामद हुआ है। मामले में अब तक दो ग्रेनेड बरामद किए जा चुके हैं, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ के बाद उसकी पत्नी किरना को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है।
सोलन/नालागढ़
खेत की तलाशी में मिला दूसरा ग्रेनेड
जांच के दौरान पुलिस टीम मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को लेकर माजरा गांव स्थित उसके ठिकाने पर पहुंची। मकान के साथ लगते खेत की तलाशी लेने पर एक और ग्रेनेड बरामद हुआ। इसके साथ मामले में बरामद ग्रेनेड की संख्या दो हो गई है। बम निरोधक दस्ते की मदद से दोनों ग्रेनेड को सुरक्षा प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया।
आसपास के क्षेत्र में चलाया सर्च ऑपरेशन
ग्रेनेड बरामद होने के बाद आरोपी के घर और आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मुख्य आरोपी के बाद पत्नी भी गिरफ्तार
एसपी बद्दी विनोद धीमान के अनुसार मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ निवासी गांव मजरा, डाकघर बरूणा, तहसील नालागढ़ को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद बुधवार को उसकी पत्नी किरना को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से मामले को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
DSP नालागढ़ की अध्यक्षता में SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल गठित किया गया है। पुलिस बरामद ग्रेनेड के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Arms Act और Explosive Substances Act के तहत मामला
इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में 29 सितंबर 2026 को Arms Act की धारा 25(1)(a) और Explosive Substances Act, 1908 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के साथ आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।