नारी शक्ति वंदन कानून पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, महिलाओं के मुद्दे पर विश्वासघात का आरोप
Himachalnow / शिमला
शिमला में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भाजपा सरकार का ऐतिहासिक कदम बताया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दों को लंबे समय तक नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
शिमला
शिमला में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न का प्रतीक है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास की मुख्य धुरी बनाया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से सरकार ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कई बड़े फैसले लिए, जिनका असर जमीनी स्तर पर देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण जैसे कदमों ने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को नई पहचान दी। वहीं उज्ज्वला योजना के जरिए करोड़ों महिलाओं को धुएं से राहत मिली और उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ।नारी शक्ति वंदन कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह महिलाओं को नीति निर्माण में भागीदारी देने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले 50 वर्षों तक महिला आरक्षण को केवल मुद्दा बनाए रखा, लेकिन लागू करने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार ने इसे आगे बढ़ाया, तो विपक्ष ने तकनीकी बहानों के जरिए इसे रोकने का प्रयास किया, जो महिलाओं के अधिकारों के साथ विश्वासघात है।इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को लंबे समय तक वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया। उन्होंने प्रियंका गांधी के “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब महिलाओं को अधिकार देने का समय आया, तब यह आवाज कहीं दिखाई नहीं दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और आगे भी इसी दिशा में कार्य जारी रहेगा।भाजपा नेताओं ने दावा किया कि एक ओर मोदी सरकार है, जो महिलाओं को अवसर और अधिकार दे रही है, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस है, जिसने हर बार इन मुद्दों को टालने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इस अंतर को समझती हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी।