NDPS / सोलन में 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद, पंजाब-हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार
NDPS / सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने शामती के समीप एक कार से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद कर पंजाब और हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
सोलन
एएसपी रमेश शर्मा के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर शामती के समीप नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक फोर्ड फिगो एस्पायर कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार में सवार दो लोगों के कब्जे से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और मामले में इस्तेमाल की गई कार को भी कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय नरजीत सिंह उर्फ नवी निवासी गांव लोहरा, तहसील डाबा, जिला लुधियाना, पंजाब और 29 वर्षीय रवि निवासी गांव खान अहमदपुर, डाकघर डीण, तहसील बराड़ा, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से चिट्टे की आपूर्ति और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।