Loading...

NDPS / डिलीवरी देने से पहले ही शिमला में दबोचे गए तस्कर, चिट्टा और नकदी बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NDPS : राजधानी शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को चिट्टा और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शिमला में नशे की खेप की डिलीवरी देने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान उन्हें पकड़ लिया।

शिमला

शिमला पुलिस की स्पैशल सैल टीम सुबह के समय लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में सवार दो व्यक्ति शिमला शहर में चिट्टे की सप्लाई देने आ रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों लालपानी क्षेत्र में किसी को नशे की डिलीवरी देने के लिए रुकने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत लालपानी टी-स्टॉल के पास नाकाबंदी कर दी।

कुछ समय बाद पुलिस को एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसे जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें सवार दोनों युवकों के कब्जे से 10 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया।

पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान निशान सिंह निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब और गुरप्रीत सिंह निवासी जिला कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना शिमला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद चिट्टा, नकदी और वाहन को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

नशा नेटवर्क के लिंक खंगाल रही पुलिस

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिमला में यह खेप किसे दी जानी थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।

Related Topics: