Loading...

Nirjala Ekadashi / निर्जला एकादशी पर भद्रा के साथ बनेंगे 4 शुभ संयोग, जानें व्रत-पूजन और पारण का समय

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

Nirjala Ekadashi : हिंदू धर्म में निर्जला एकादशी को अत्यंत पुण्यदायी व्रत माना जाता है। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली इस एकादशी पर श्रद्धालु बिना जल ग्रहण किए भगवान विष्णु की उपासना करते हैं। मान्यता है कि जो लोग पूरे वर्ष सभी एकादशियों का व्रत नहीं रख पाते, वे यदि श्रद्धा और विधि-विधान से निर्जला एकादशी का व्रत करें तो उन्हें 24 एकादशियों के बराबर पुण्य फल की प्राप्ति हो सकती है। इस बार निर्जला एकादशी 25 जून 2026 को रखी जाएगी और इस दिन भद्रा के साथ कई शुभ योग भी बन रहे हैं।

निर्जला एकादशी 2026 की तिथि

पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 24 जून 2026 को रात 8 बजकर 9 मिनट से शुरू होगी और 25 जून 2026 को रात 9 बजकर 14 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर निर्जला एकादशी का व्रत 25 जून 2026, गुरुवार को रखा जाएगा। चूंकि एकादशी व्रत भगवान विष्णु की आराधना से जुड़ा है और गुरुवार भी विष्णु पूजन के लिए विशेष माना जाता है, इसलिए इस बार का यह संयोग व्रत के महत्व को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

भद्रा के साथ बनेंगे कई शुभ योग

इस बार निर्जला एकादशी पर भद्रा का प्रभाव भी रहेगा। पंचांग के अनुसार भद्रा सुबह 7 बजकर 8 मिनट से शुरू होकर रात 8 बजकर 9 मिनट तक रहेगी। हालांकि ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस दिन भद्रा पाताल लोक में रहेगी, इसलिए व्रत, पूजन और भगवान विष्णु की आराधना में इसे बाधक नहीं माना जा रहा। वहीं इस दिन रवि योग, शिव योग और सिद्ध योग जैसे शुभ संयोग भी बनेंगे। रवि योग सुबह 5 बजकर 25 मिनट से शाम 4 बजकर 29 मिनट तक रहेगा, शिव योग सुबह 10 बजकर 22 मिनट से शुरू होकर पूरे दिन प्रभावी रहेगा और सिद्ध योग सुबह 10 बजकर 53 मिनट से पूरे दिन रहेगा।

पूजन और पारण का शुभ समय

निर्जला एकादशी के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 5 मिनट से 4 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 56 मिनट से दोपहर 12 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। व्रत रखने वाले श्रद्धालु द्वादशी तिथि पर 26 जून 2026 को पारण करेंगे। पारण का शुभ समय सुबह 5 बजकर 25 मिनट से सुबह 8 बजकर 13 मिनट तक निर्धारित किया गया है। इस अवधि में विधिपूर्वक व्रत खोलना शुभ माना गया है।

Related Topics: