हरिपुरधार कॉलेज पर राजनीति बंद करे भाजपा, छात्रों की संख्या के आधार पर हुआ शिक्षकों का तबादला : ओपी ठाकुर
कांग्रेस नेता एवं विकास खंड संगड़ाह की गेहल पंचायत की प्रधान ओपी ठाकुर ने हरिपुरधार डिग्री कॉलेज को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सियासी लाभ के लिए झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
नाहन
उन्होंने कहा कि हरिपुरधार महाविद्यालय से विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के सहायक प्राध्यापकों का तबादला छात्र संख्या के आधार पर किया गया है। उनके अनुसार पिछले तीन वर्षों में इन दोनों संकायों में केवल तीन विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जिसके चलते संबंधित शिक्षकों को डिग्री कॉलेज संगड़ाह स्थानांतरित किया गया है।
ओपी ठाकुर ने कहा कि महाविद्यालय में वर्तमान में कला संकाय के पांच विषय संचालित हैं। इसके अलावा पूर्व में बंद किए गए शारीरिक शिक्षा एवं संगीत विषयों को दोबारा शुरू करवाने और इन विषयों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने का भरोसा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार पहले ही दे चुके हैं।
उन्होंने भाजपा नेताओं से छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित करने के बजाय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग देने की अपील की। उनका कहना था कि कॉलेज को बंद करने की कोई योजना नहीं है और सरकार क्षेत्र के विद्यार्थियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भाजपा नेता मेलाराम शर्मा और विनय छींटा ने हरिपुरधार डिग्री कॉलेज से विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय सहित चार शिक्षकों के तबादले को महाविद्यालय को बंद करने की साजिश बताते हुए सरकार पर निशाना साधा था। कांग्रेस ने इन आरोपों को तथ्यों से परे और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास बताया है।