धान खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 3 अक्टूबर से मिलेगा 2,461 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी
खरीफ सीजन 2026-27 में धान की सरकारी खरीद के लिए एचपी एपीपीपी (HP APP) ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया गया है। किसान पोर्टल पर पंजीकरण कर खरीद केंद्र के लिए टोकन बुक कर सकते हैं। सरकारी खरीद 3 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक होगी और धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
बिलासपुर
जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिलासपुर शीतल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य पिछले वर्ष के मुकाबले 72 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। सरकारी खरीद केंद्र पर फसल बेचने के इच्छुक किसानों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करवाने के बाद टोकन बुक करना होगा। निर्धारित अवधि में पंजीकृत किसान अपनी सुविधा के अनुसार उपलब्ध खरीद केंद्र का चयन कर सकेंगे।
एग्रीस्टैक यानी किसान रजिस्ट्री से जुड़े किसानों की भूमि संबंधी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त की जाएगी। किसान रजिस्ट्री से नहीं जुड़े किसान पहले की तरह पोर्टल पर आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज करके पंजीकरण करवा सकते हैं। ऐसे किसानों द्वारा दर्ज भूमि संबंधी विवरण का सत्यापन संबंधित पटवारी के माध्यम से किया जाएगा। किसानों को खरीद प्रक्रिया में परेशानी से बचने के लिए समय रहते पंजीकरण और टोकन बुकिंग पूरी करने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में बनाए गए 11 खरीद केंद्र
धान की सरकारी खरीद के लिए कांगड़ा, सोलन, ऊना और सिरमौर जिलों में कुल 11 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। बिलासपुर जिले के किसान अपनी सुविधा के अनुसार निकटतम केंद्र का चयन कर वहां न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान बेच सकते हैं। जिला नियंत्रक ने धान उत्पादक किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल बेचने और सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य का पूरा लाभ लेने की अपील की है।