Himachalnow News

  • दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट में बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम हुआ आयोजित

    दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट में बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम हुआ आयोजित

    चाचा नेहरू की मजबूत नींव के कारण ही भारत बुलंदियों पर- चन्द्रशेखर

    HNN/ मंडी

    सुंदरनगर के डैहर स्थित दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट में बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र चन्द्रशेखर ने कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

    वह छोटे बच्चों से बहुत प्यार करते थे। उनका बच्चों के प्रति लगाव के कारण ही इस दिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। विधायक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों को जैसी शिक्षा मिलेगी वैसा ही समाज और देश बनेगा। अच्छी शिक्षा से ही देश तरक्की करेगा। बच्चे भगवान का रूप होते हैं। बच्चों का मन बहुत कोमल होता है इन्हें जैसा सिखाएंगे वैसा ही सीखेंगे।

    उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू की ही देन है जो आज भारत बुलंदियों को छू रहा है। हिमाचल प्रदेश में भाखड़ा बांध से लेकर इंजीनियरिंग तथा मेडिकल कॉलेज को विकसित करने में पंडित नेहरू का बहुत बड़ा योगदान है।चन्द्रशेखर ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान मुख्यमंत्री का स्वभाव भी बहुत कोमल है तथा उन्हें भी बच्चों के साथ बहुत प्यार है।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कोई भी बच्चा निराश्रित नहीं बल्कि चिल्ड्रन आफ स्टेट है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने सुखाश्रय योजना की शुरूआत भी की है। उन्होंने कहा कि जिला मंडी में कुल 479 निराश्रित बच्चों हैं जिन्हें ‘चिल्ड्रन ऑफ स्टेट’ का दर्जा दिया गया है। इसके अंतर्गत सरकार अभिभावक के रूप में असहाय, अनाथ, निराश्रित बच्चों की उचित देखभाल सुनिश्चित करेगी।

    विधायक ने कहा कि दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट निराश्रित बच्चों का सहारा बनकर उच्च कोटि का कार्य कर रहा है और इस संस्थान के बच्चे प्रदेश व देश में अपना नाम रोशन कर रहे हैं और समाज के विकास में अपना पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि आश्रम कि स्थापना 14 अप्रैल 1983 में हुई तथा इतने वर्षों से आश्रम निरंन्तर बच्चों की देखभाल व पालन पोषण कर रहा है।

    स्थापना के समय संस्थान में 3 बच्चे थे परंतु आज यहाँ 75 बच्चे हैं। वर्तमान में संस्थान द्वारा गौसदन भी चलाया जा रहा है जिसमें 10 गाय हैं। इस अवसर पर संस्थान के बच्चों द्वारा सास्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गए। विधायक ने सभी बच्चों को मिठाई वितरित की तथा संस्थान में रह रहे छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

  • हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पीजी अंतिम सेमेस्टर का परिणाम किया घोषित

    हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पीजी अंतिम सेमेस्टर का परिणाम किया घोषित

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने मंगलवार देर शाम पीजी अंतिम सेमेस्टर का परिणाम घोषित कर दिया है। इनमें एमए राजनीति विज्ञान, हिंदी, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, म्यूजिक कॉमर्स व साइंस के विषयों का परिणाम विवि ने वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।

    छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपनी आईडी के माध्यम से रिजल्ट देख सकते हैं। विश्वविद्यालय ने पीजी कोर्स में एमएससी जूलॉजी चौथे सेमेस्टर का परिणाम भी घोषित कर दिया है।

    विवि ने ये परीक्षाएं जुलाई अगस्त माह में आयोजित की थी। प्रदेश में भारी बारिश व आपदा के कारण बार-बार परीक्षाओं का शेड्यूल बदला गया। छात्र पीजी अंतिम सेमेस्टर के रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे।

  • कृषि मंत्री ने बाल दिवस कार्यक्रम के समापन समारोह की करी अध्यक्षता

    कृषि मंत्री ने बाल दिवस कार्यक्रम के समापन समारोह की करी अध्यक्षता

    HNN सिरमौर

    हिमाचल निर्माता डॉक्टर वाई. एस. परमार के गांव बागथन एवं गांव वासियों को सलाम व नमन करता हूं जहां से एक महान विभूति ने जन्म लिया। यह उदगार कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने बाल दिवस कार्यक्रम के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किये।

    उन्होंने उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य बनाने का श्रेय हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर वाई. एस. परमार को जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया।

    उन्होंने कहा कि इससे पूर्व हमारा कोई राज्य नहीं था हमें आज फक्र है कि हिमाचल प्रदेश में अपनी विधानसभा है और हम अपने प्रदेश का कानून स्वयं बनाते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर वाई एस परमार और राजा वीरभद्र सिंह द्वारा हिमाचल के विकास के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश सड़क शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर उन्नति कर रहा है।

    उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं हर गांव में आज बिजली एवं अन्य सुविधाएं पहुंची है। उन्होंने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का अच्छा प्रदर्शन न किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी को पुराने गिले शिकवे मिटाकर एकजुट होकर आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होना होगा।

    कृषि मंत्री ने हाल ही में प्रदेश में आई त्रासदी व प्रदेश को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि इस त्रासदी से हिमाचल को बहुत नुकसान पहुंचा है। जिस कारण बहुत लोग बेघर हो गए हैं। ऐसे प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रदेश के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सूकखू ने 4500 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है, जिसके तहत कच्चे या पक्के मकान के पूर्ण क्षतिग्रस्त होने पर पुनः घर निर्माण के लिए सरकार द्वारा 7 लाख रुपए देने के अलावा सरकारी दरों पर सीमेंट व मुफ्त में पानी और बिजली के कनेक्शन दिए जाएंगे।

    कृषि व पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने कहा कि पेयजल योजनाओं के स्रोतों को सुदृढ़ कर हर घर तक नल से शुद्ध जल पहुंचाना प्रदेश सरकार का ध्येय है।उन्होंने कहा कि प्रमोशन व बैचवाइज आधार पर 3000 पदों को शिक्षा विभाग में भरा जा रहा है तथा उन अध्यापकों दूर दराज के क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के बाद बीजेपी सरकार ने प्रदेश के कर्मचारियों की पेंशन बंद कर दी थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही प्रदेश के कर्मचारियों का पेंशन बहाल कर कर्मचारी एवं उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित किया है।

    इससे पूर्व कृषि मंत्री ने सिरमौर जिले की गगल शिकोर में 12 लाख रुपए से निर्मित पटवार भवन का लोकार्पण किया। मेला कमेटी ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी व डांगरा तथा उनकी धर्मपत्नी कृष्णा चौधरी को भी शाल व टोपी देकर सम्मानित किया।

    कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने कृषि विभाग सिरमौर द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर स्थानीय बालिकाओं द्वारा शानदार गिद्दा प्रस्तुत किया गया। मंत्री ने बालिकाओं को 21000 रुपए की राशि अपनी एछिक निधि से देने की घोषणा की।

    इस अवसर पर प्रदेश सचिव दयाल प्यारी व पूर्व मंत्री गंगू राम मुसाफिर ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समस्याओं को मंत्री जी के समक्ष रखा। स्थानीय प्रधान सरोज बाला ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।

  • किराना की दुकान में अचानक भड़की आग, सारा सामान जलकर राख

    किराना की दुकान में अचानक भड़की आग, सारा सामान जलकर राख

    HNN/ ऊना

    हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के चुआर में एक किराना की दुकान में अचानक आग लग गई। हालांकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन दुकान के अंदर रखा सारा सामान जल गया।

    जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात को तिलक राज पुत्र राणा राम निवासी चुआर की दुकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

    कुछ ही देर में दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में पीड़ित को काफी नुक्सान हुआ है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

  • नीय स्तर पर समस्या निराकरण में पार्षद की भूमिका महत्वपूर्ण- संजय अवस्थी

    नीय स्तर पर समस्या निराकरण में पार्षद की भूमिका महत्वपूर्ण- संजय अवस्थी

    HNN/सोलन

    मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी की उपस्थिति में आज उपमंडलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल ने नगर पंचायत अर्की के वार्ड नम्बर 02 के नवनिर्वाचित पार्षद पदम देव को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

    संजय अवस्थी ने इस अवसर पर वार्ड नम्बर 02 के नवनिर्वाचित पार्षद पदम देव को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि पार्षद अपने क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्षद का पद महत्वपूर्ण होता है और स्थानीय स्तर पर विकास कार्य में पार्षद की भूमिका विशिष्ट रहती है।

    उन्होंने आशा जताई कि नवनिर्वाचित पार्षद अपने कर्तव्यों के निर्वहन के माध्यम से लोगों की आशाओं पर खरा उतरेगें। संजय अवस्थी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पार्षद के रूप में की। उन्होंने कहा कि पार्षद अपने क्षेत्र के निवासियों के सबसे समीप रहकर कार्य करता है।

    नगर पंचायत अर्की के वार्ड नम्बर 02 से नवनिर्वाचित पार्षद पदम देव उप निर्वाचन में विजय प्राप्त की है। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग अर्की के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

  • अज्ञात वाहन ने दुकान में सो रहे व्यक्ति को कुचला, मौके पर हुई मौत

    अज्ञात वाहन ने दुकान में सो रहे व्यक्ति को कुचला, मौके पर हुई मौत

    HNN/ऊना

    जिला ऊना में पुलिस थाना अंब के तहत आने वाले शिवपुर में एक अज्ञात वाहन ने दुकान में सो रहे व्यक्ति को बुरी तरह कुचल दिया है। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि अरविंद निवासी खन्नीपुरा यूपी ने पुलिस को घटना जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बीती रात लिवगार्ड फैक्ट्री के पास अपनी दुकान में सो रहा था।

    इसी दौरान अचानक जोर से किसी चीज के टकराने की आवाज आई। आवाज सुनकर जब उसने दुकान का शटर उठाकर देखा, तो बीच सडक़ में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा था और उसी समय एक बड़ा वाहन तेज गति से फरार हो गया। जिसके बाद जब अरविंद व्यक्ति के पास गया तो उन्होंने देखा कि उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ है साथ ही शरीर पर बहुत चोटें थी।

    उन्होंने बतया कि घायल होने की वजह से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद अरविंद ने इसकी सूचना अपने मालिक बलविंदर सिंह और पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस घटनास्थल के आस-पास से साक्ष्य जुटा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी मृतक की पहचान नहीं हुई है। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डेड हाऊस में रख दिया है।

  • गाड़ी रोककर युवक पर किया हमला, मामला दर्ज

    गाड़ी रोककर युवक पर किया हमला, मामला दर्ज

    HNN/हमीरपुर

    जिला हमीरपुर में बिझड़ी के तहत आने वाले पुलिस थाना बड़सर के कोट गांव में गाड़ी रोककर एक युवक पर हमला किया गया है। पीड़ित की पहचान पंकज कुमार पुत्र रांझा राम गांव बल्ह ब्रह्मणा तहसील ढटवाल के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान अक्षय कुमार निवासी जरल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार अपनी गाड़ी में बिझड़ी से रिश्तेदार अंकुश और आशीष के साथ अपने घर जा रहा था। इसी दौरान जब वह कोट गांव के पास पहुंचे तो आरोपी अक्षय कुमार ने अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे लगा दी और उसे बाहर निकलने के लिए कहा।

    जब पंकज कुमार गाड़ी से बाहर आया तो पीछे से दो युवकों ने किसी हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके रिश्तेदार गाड़ी से बाहर निकले तो आरोपी तुरंत अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए। जिसके बाद पीड़ित पंकज कुमार ने पुलिस थाना बड़सर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।

  • कार और बाइक की हुई जोरदार भिड़ंत, दो घायल

    कार और बाइक की हुई जोरदार भिड़ंत, दो घायल

    HNN/बिलासपुर

    जिला बिलासपुर में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन एक हादसा पेश आया है। जहां एक कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हुई। हादसे में बाइक सवार एक महिला और पुरुष घायल हुए हैं। । घायलों की पहचान शशि कश्यप पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी चक्कर शिमला और सनी निवासी गांव रघुनाथपुरा बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी में कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बता दें कि हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में बाइक सवार गलत लेन में जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वह सामने से आ रही कार से टकरा गया।

    हादसे में बाइक सवार एक महिला और पुरुष घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर की टीम वहां पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।

  • संदिग्ध परिस्थितियों में मिला मजदूर का शव, मामला दर्ज

    संदिग्ध परिस्थितियों में मिला मजदूर का शव, मामला दर्ज

    HNN/कांगड़ा

    जिला कांगड़ा में खनियारा के तहत आने वाले ठेहड़ कूहल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक मजदूर का शव मिला है। मृतक की पहचान प्रेम चंद उम्र 62 ठेहड़ बलड़ी निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैप्टन ईश्वर ठाकुर सुबह ठेहड़ में अपने घराट का पानी छोड़ने गए थे।

    इसी दौरान उन्होंने कूहल में एक व्यक्ति के शव को तैरते हुए देखा। पानी ज्यादा होने के कारण शव की पहचान नहीं हो पा रही थी। जिसके बाद ईश्वर ठाकुर ने इसकी सूचना पुलिस और स्थानीय लोगों दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कूहल का पानी कम करवाया।

    जिसके बाद उन्होंने शव को कब्जे में लिया और मृतक की शिनाख्त की। जिसके बाद मृतक प्रेम चंद के बेटे राहुल ने बताया उसके पिता मेहनत-मजदूरी करते थे। आशंका जताई जा रही है कि शायद पैर फिसलने के कारण यह हादसा हुआ हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • त्यौहार, जीवन प्रबंधन का आधार- संजय अवस्थी

    त्यौहार, जीवन प्रबंधन का आधार- संजय अवस्थी

    HNN/सोलन

    मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि हमारे त्यौहार हमारे जीवन प्रबंधन का आधार हैं और हम सभी को अपने उत्सवों एवं त्यौहारों के आयोजन में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। संजय अवस्थी आज सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र के शालाघाट में श्री भगवान विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर आयोजित वार्षिक उत्सव को सम्बोधित कर रहे थे।

    मुख्य संसदीय सचिव ने भगवान विश्वकर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। संजय अवस्थी ने कहा कि सनातन संस्कृति में भगवान विश्वकर्मा को देवताओं के शिल्पकार की पदवी से विभूषित किया गया है। उन्हें वर्तमान में पहले अभियंता के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा से हमें अपने जीवन में रचनात्मकता और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का संदेश मिलता है।

    मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से हमारी समृद्ध संस्कृति के शिल्पकारों से युवा पीढ़ी को परिचित होने का अवसर मिलता है। भारतीय संस्कृति सभी को सही राह पर आगे बढ़ना सिखाती है और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति के इस दर्शन को आत्मसात करना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से हमारी परम्पराएं आगे बढ़ती हैं। ऐसे आयोजन वर्तमान में लोगों के मध्य सद्भावना, भाईचारे और एकजुटता की भावना को बढ़ाने में अहम हैं।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा के समय में संवेदनशीलता के साथ राज्य का नेतृत्व कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री स्वयं प्रभावितों के पुर्नवास के लिए प्रदेश के विभिन्न ज़िलों में पहुंचकर राहत पैकेज की घोषणा कर रहे हैं और यह सुनिश्चित बना रहे हैं कि आपदा प्रभावितों को समय पर राहत मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और प्रदेशवासियों के सहयोग तथा अधिकारियों, कर्मचारियों की कर्मठता से आज प्रदेश इस आपदा से उभर रहा है।

    मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा अधोसरंचना को सुदृढ़ बनाकर युवा पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी आधारभूत शिक्षा अधोसरंचना को मज़बूत बनाया जा रहा है और उच्च स्तर पर छात्रों को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय अर्की में एम.ए इतिहास और अंग्रेजी की कक्षाएं आरम्भ की गई हैं।

    उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अत्याधुनिक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है। जलाणा में 20 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होने वाले इस विद्यालय के लिए 50 बीघा भूमि भी चिन्हित की गई है। संजय अवस्थी ने कहा कि ज़िला खनिज निधि के माध्यम से अर्की विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लोक निर्माण, जल शक्ति तथा अन्य विभागों को लगभग 18 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई गई है।

    उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का हर सम्भव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र सहित जन-जन की आस्था के केन्द्र बाड़ीधार को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का कार्य प्रगति पर है। इस धार्मिक स्थल को रज्जू मार्ग से जोड़ने के लिए 200 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाड़ीधार में पर्यटन परियोजना के लिए 103 बीघा भूमि चिन्हित की गई है।

    उन्होंने भगवान विश्वकर्मा मंदिर के सम्पर्क मार्ग के निर्माण के प्रारम्भिक कार्य के लिए एक लाख रुपए तथा डंगे के निर्माण के प्रारम्भिक कार्य के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनी और इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए।