Panchayat Oath Ceremony / रोहित ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों को दिलाई शपथ
Panchayat Oath Ceremony : जिला शिमला के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों के लिए पीटरहॉफ में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई।
शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों को शपथ दिलाते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने जानकारी दी कि 27 जून, 2026 को सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पंचायतों के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आदर्श पंचायतों के निर्माण पर दिया जोर
रोहित ठाकुर ने कहा कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें ताकि प्रदेश की पंचायतें आदर्श पंचायतों के रूप में विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का अधिकांश हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित है, इसलिए प्रत्येक गांव का मूलभूत सुविधाओं के साथ विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से स्वच्छता, नशा निवारण, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर प्राथमिकता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
पंचायत विकास के लिए मिलेगी वित्तीय सहायता
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 16वें वित्त आयोग के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं के विकास के लिए लगभग 3744 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार भी पंचायतों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों में निर्विरोध चुनी गई 137 पंचायतों को प्रति पंचायत 25 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जिससे स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।
समारोह में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न विधायक, बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्ष, आयोगों के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।