पांवटा साहिब में निशुल्क नेत्र शिविर: 128 मरीजों की जांच, 45 को मिले चश्मे
पांवटा साहिब में आयोजित तीसरे निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 128 मरीजों की आंखों की जांच की गई। इनमें 45 जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त चश्मे दिए गए, जबकि 27 मरीजों को मोतियाबिंद का ऑपरेशन करवाने और तीन मरीजों को तिरछेपन के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा लेने की सलाह दी गई।
पांवटा साहिब
अंधापन निवारण और आंखों की बीमारियों का समय रहते पता लगाने के उद्देश्य से रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स ने 6 सितंबर को ज्ञान चंद गोयल धर्मशाला में शिविर आयोजित किया। रोटरी क्लब पांवटा साहिब और कपिल आई हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस शिविर में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
मोतियाबिंद और आंखों के पर्दे की हुई जांच
शिविर में मोतियाबिंद, काला मोतिया, डायबिटीज और उच्च रक्तचाप से प्रभावित मरीजों की आंखों के पर्दे की जांच की गई। इसके साथ ही चश्मे का नंबर जांचने और लोगों को आंखों की उचित देखभाल के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। निर्मल हेल्थ सर्विसेज के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार सबलोक ने कहा कि ऐसे शिविर दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध करवाने और आंखों की बीमारी की समय पर पहचान में सहायक हैं।
रोटरी पदाधिकारियों ने निभाई सहभागिता
इस अवसर पर रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की प्रधान प्रगति सबलोक, सचिव विकास रतन, जेडएलएफ राकेश थापा, डॉ. सी.एल. शर्मा, सुशील अत्री, एयर वाइस मार्शल के.के. सांगार, प्रमिला सांगार और डॉ. एस.के. सबलोक उपस्थित रहे। रोटरी क्लब पांवटा साहिब की ओर से प्रधान यशपाल धीमान, शांति स्वरूप गुप्ता, सचिव रक्षित अग्रवाल, पीडीजी अरुण शर्मा, सुनीता शर्मा और डॉ. प्रवेश सबलोक ने भी शिविर में सहभागिता निभाई।
रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स ने अंधापन निवारण के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में अन्य क्षेत्रों में भी निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित करने की बात कही है। संस्था के अनुसार इन शिविरों के माध्यम से लोगों को जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया जाएगा।