Loading...

पांवटा साहिब में भीषण गर्मी का असर, स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 30 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / सिरमौर

पांवटा साहिब उपमंडल में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों को गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के लिए लिया गया है।

पांवटा साहिब

उपमंडल पांवटा साहिब में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में अस्थायी परिवर्तन कर दिया है। यह निर्णय विद्यार्थियों को डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।जारी आदेशों के अनुसार कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी, जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक लगेंगी।

प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल समय के दौरान किसी भी प्रकार की बाहरी गतिविधियां, विशेषकर धूप में खेलकूद या प्रार्थना सभा आयोजित न की जाए। इसके अलावा स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, पंखों व अन्य शीतलन व्यवस्थाओं को सुचारू रखने तथा हीट से संबंधित आपात स्थितियों के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उपमंडल दंडाधिकारी पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और 31 मई 2026 तक या अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगा। उन्होंने कहा कि आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।