Piplu Mela / जिला स्तरीय पिपलू मेला 2026 के लिए 18 और 19 जून को होंगे कलाकारों के ऑडिशन
Piplu Mela : उपमंडल बंगाणा में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय पिपलू मेला-2026 के लिए स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन 18 और 19 जून को आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकार लता मंगेशकर कला केंद्र समूर कलां में आयोजित ऑडिशन में भाग ले सकेंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने बताया कि जिला स्तरीय पिपलू मेला 24 से 26 जून तक श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के लिए स्थानीय कलाकारों के चयन हेतु 18 और 19 जून को ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन प्रक्रिया 18 जून को प्रातः 11:30 बजे से लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में शुरू होगी।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से कर सकते हैं आवेदन
उन्होंने बताया कि इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय बंगाणा में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल के माध्यम से भी आवेदन भेजे जा सकते हैं। ऑडिशन के दिन मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेताओं और नामी कलाकारों को ऑडिशन प्रक्रिया से छूट प्रदान की जाएगी।
24 जून को होगा मेले का शुभारंभ
एसडीएम सोनू गोयल ने बताया कि 24 जून को पारंपरिक फेरी और झंडा रस्म के साथ पिपलू मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। मेले में क्षेत्र की लोक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है तथा इसके सफल आयोजन में प्रशासन और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की रहेगी धूम
मेले के दौरान हिमाचली लोक कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। एक दिन पूरी तरह स्कूली विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा, जिसमें लोकनृत्य, समूहगान, भाषण और नाटक जैसी प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, बास्केटबॉल और रेसलिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। इस वर्ष डॉग शो और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी, जबकि 26 जून को आयोजित होने वाली स्टार नाइट मेले का मुख्य आकर्षण होगी।