Loading...

Politics / काम बोलता है, दिखावा नहीं; प्रदेश के संसाधनों पर हिमाचलियों का पहला अधिकार : जी.आर. मुसाफिर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 44 Mins Ago • 1 Min Read

Politics : प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी.आर. मुसाफिर ने राज्य सरकार के विकास कार्यों, कड़छम-वांगतू परियोजना में रॉयल्टी बढ़ने और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला अधिकार हिमाचल के लोगों का है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी कांग्रेस की जीत का दावा किया।

नाहन

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी.आर. मुसाफिर ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार केवल दावे नहीं कर रही, बल्कि उसके विकास कार्य स्वयं इसकी गवाही दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार प्रदेश के लोगों का है और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस अधिकार की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।मुसाफिर ने कहा कि सरकार के प्रयासों से कड़छम-वांगतू जलविद्युत परियोजना में राज्य की रॉयल्टी 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कराई गई है, जिससे प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 250 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। उन्होंने इसे प्रदेश के आर्थिक हितों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 23 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन शुरू होने से लोगों को अब उच्च स्तरीय जांच के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।मुसाफिर ने कहा कि केंद्र की अनदेखी, प्राकृतिक आपदाओं और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पच्छाद क्षेत्र में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है तथा मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने क्षेत्र के विकास में पूरा सहयोग दिया है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से विपक्ष विचलित है और इसी कारण अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। मुसाफिर ने विश्वास जताया कि कांग्रेस संगठन की एकजुटता और सरकार के कार्यों के आधार पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी।

Related Topics: