Loading...

Politics / स्व. वीरभद्र सिंह ने जिस चेहरे की चेतावनी दी थी, आज वही कांग्रेस सरकार में दिख रहा है : हर्ष महाजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Politics : भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और निकायों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव जानबूझकर लंबित रखने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित बहुमत वाले निकायों में चुनाव प्रक्रिया को टालकर जनता के जनादेश के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से निष्पक्ष तरीके से कार्य करने और संविधान के अनुरूप निर्णय लेने की अपील की।

शिमला

भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता के जनादेश के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव इतने लंबे समय तक लंबित रखे गए हैं। यह देरी प्रशासनिक मजबूरी नहीं, बल्कि सरकार की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।हर्ष महाजन ने कहा कि जिन निकायों में कांग्रेस के पास बहुमत है, वहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव तुरंत कराए जा रहे हैं, जबकि भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधियों वाले निकायों में चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर टाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर जनता के जनादेश को हाईजैक करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई बार नियमों में संशोधन किए। कभी आरक्षण व्यवस्था में बदलाव किए गए तो कभी नए अधिसूचना आदेश जारी कर पूरी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उनका आरोप है कि हालिया संशोधनों के माध्यम से जिलाधीशों और उपमंडल अधिकारियों को ऐसे अधिकार दिए गए हैं, जिनका राजनीतिक दबाव में दुरुपयोग कर चुनावों को अनिश्चितकाल तक टाला जा सकता है।राज्यसभा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उनके परिवारों को प्रताड़ित किया जा रहा है, झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और प्रशासनिक एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।

हर्ष महाजन ने प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों से संविधान और कानून के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि संविधान के प्रति जवाबदेह हैं। इसलिए उन्हें किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर अपने विवेक के अनुसार निर्णय लेने चाहिए।उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली को लेकर जो आशंकाएं व्यक्त की थीं, आज वे प्रदेश की राजनीति में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।

कांग्रेस सरकार का वास्तविक चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है।हर्ष महाजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र और जनता के जनादेश की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता उचित समय आने पर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

Related Topics: