Loading...

Politics / भाजपा को लोकतंत्र और जनादेश की बात करने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए : कपिल गर्ग उर्फ मोंटी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Politics : नाहन नगर निगम के नवनिर्वाचित कांग्रेस समर्थित पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए लोकतंत्र, जनादेश और राजनीतिक इतिहास को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्य कर रही है तथा भाजपा राजनीतिक निराशा में अनर्गल आरोप लगा रही है।

नाहन

नाहन नगर निगम के नवनिर्वाचित कांग्रेस समर्थित पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा को लोकतंत्र और जनादेश की बात करने से पहले अपना राजनीतिक इतिहास देख लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने देश के कई राज्यों में जनता के जनादेश के विपरीत जोड़-तोड़, दल-बदल और राजनीतिक दबाव के जरिए सरकारें बनाई हों, उसे लोकतंत्र पर भाषण देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कपिल गर्ग ने कहा कि देश के कई राज्यों में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश मिलने के बावजूद भाजपा ने सत्ता हासिल करने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखा और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को तोड़कर सरकारें बनाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस समर्थित विधायकों को तोड़कर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने और गिराने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदेश की जनता और कांग्रेस नेतृत्व की एकजुटता के चलते भाजपा अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि आज जिला परिषदों, नगर निकायों और अन्य संस्थाओं को लेकर भाजपा जिस तरह के आरोप लगा रही है, वह पूरी तरह राजनीतिक निराशा का परिणाम है। कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्थाओं में विश्वास रखती है तथा सभी निर्णय कानून और नियमों के अनुसार लिए जा रहे हैं।
कपिल गर्ग ने कहा कि भाजपा विपक्ष की रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय लगातार भ्रम फैलाने और राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा की कथनी और करनी का अंतर अच्छी तरह समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, जनकल्याण और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। जनता ने कांग्रेस को जनादेश विकास और स्थिर सरकार के लिए दिया है और यह जनादेश पूरी तरह सुरक्षित है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा को उसकी राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Related Topics: