Loading...

मात्तर स्कूल भवन भाजपा सरकार की देन, कांग्रेस ने रोके सड़क-पुलों के काम : डॉ. बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

मात्तर स्कूल भवन भाजपा सरकार की देन, कांग्रेस सरकार ने रोके सड़क-पुलों के काम : डॉ. बिंदल

नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज मात्तर पंचायत का दौरा कर मात्तर स्कूल में भारी बारिश के बाद खड्ड में आई बाढ़ के कारण विद्यार्थियों और अध्यापकों के फंसने की घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समय रहते सड़क और पुलों का निर्माण पूरा न होने के कारण आज ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि मात्तर स्कूल का भवन भाजपा सरकार के कार्यकाल में अथक प्रयासों के बाद तैयार हुआ था। इसके लिए वन विभाग से 12 बीघा भूमि शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित करवाई गई और करीब 40 लाख रुपये की लागत से स्कूल भवन का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय जीरो प्वाइंट तक पक्की सड़क पहुंचाई गई थी और वहां से स्कूल तथा निचले गांव तक सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद इन विकास कार्यों को रोक दिया गया। मात्तर और नलका संभालका क्षेत्र में सड़क, पुल व पेयजल कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग और आईपीएच विभाग को करीब 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए थे, लेकिन सड़क का एक इंच भी आगे विस्तार नहीं हुआ और जरूरी पुलों का निर्माण भी नहीं किया गया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि गत दिन खड्ड में आई बाढ़ के बीच मात्तर स्कूल के विद्यार्थी और शिक्षक फंस गए, जिन्हें हिमाचल होमगार्ड व अन्य बलों की टीम ने रेस्क्यू किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से लंबित सड़क एवं पुल निर्माण कार्य तत्काल शुरू करवाने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर स्थानीय लोग और भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Topics: