Loading...

Politics / सुक्खू सरकार जनादेश हाईजैक करना चाहती है, भाजपा ऐसा नहीं होने देगी : डॉ. राजीव बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Politics : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर जनादेश का सम्मान न करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से इसका मुकाबला करेगी तथा सरकार को किसानों, बागवानों, युवाओं और महिलाओं से किए गए वादों पर भी घेरा।

शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, जनादेश का अपमान करने और विकास कार्यों को बाधित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठनात्मक जिला महासू के प्रशिक्षण महाअभियान के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार लोकतंत्र की भावना के विपरीत कार्य कर रही है और भाजपा इसे सफल नहीं होने देगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को टालने का प्रयास किया, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव कराने पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के डेढ़ माह बाद भी जिला परिषदों, ब्लॉक समितियों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों और नगर निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महापौर तथा उपमहापौर के चुनाव जानबूझकर लंबित रखे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि नियमों में बदलाव और सत्ता के दुरुपयोग के जरिए भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा रहा है ताकि जनता के जनादेश को बदला जा सके।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हाईजैक करने का प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका मुकाबला करेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देगी।डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार को किसान, बागवान, युवा और महिलाओं से किए गए वादों पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि महासू सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में सड़कों की हालत खराब है। बागवानों का एचपीएमसी पर करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है, जबकि एंटी हेल नेट सहित बागवानी से जुड़ी कई योजनाओं में सहायता कम कर दी गई है, जिससे बागवानों की परेशानियां बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन युवाओं को निराशा हाथ लगी है। महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की गारंटी भी पूरी नहीं हो सकी। उनके अनुसार एचआरटीसी कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने में भी सरकार विफल रही है।अपने संबोधन में डॉ. बिंदल ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानकर कार्य करती है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने विकास और विरासत दोनों को नई पहचान दी है। फोरलेन सड़कें, सुरंगें, बड़े पुल और आधुनिक आधारभूत ढांचे का विस्तार इसी सोच का परिणाम है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और आने वाले समय में प्रदेश में फिर से विकास और सुशासन की सरकार बनेगी।

Related Topics: