Loading...

Politics / राम मंदिर ट्रस्ट में चंदा चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का हमला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Politics : कथित राम मंदिर ट्रस्ट चंदा विवाद को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई। कांग्रेस नेता विकास कलटा ने कहा कि यह मामला केवल धन का नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था, विश्वास और श्रद्धा से जुड़ा गंभीर विषय है।

नाहन

श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट में कथित चंदा चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। नाहन स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार विकास कलटा ने कहा कि यह मामला केवल धन का नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा है। इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए।विकास कलटा ने कहा कि भगवान श्रीराम देश की आस्था, विश्वास और संस्कृति के प्रतीक हैं। देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा से मंदिर निर्माण और भगवान राम के चरणों में चढ़ावा अर्पित किया। यदि उस चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता हुई है तो यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति की, लेकिन अब जब राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो जवाब देने के बजाय मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। जनता जानना चाहती है कि श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित धन का हिसाब-किताब क्या है और यदि कोई अनियमितता हुई है तो उसके लिए जिम्मेदार कौन है।विकास कलटा ने कहा कि कांग्रेस भगवान श्रीराम का सम्मान करती है और भगवान राम किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। राम पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं। इसलिए उनके नाम पर जुटाई गई श्रद्धा और चढ़ावे में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके।

उन्होंने कहा कि भगवान राम मर्यादा, सत्य और न्याय के प्रतीक हैं। जो लोग उनके आदर्शों की बात करते हैं, उन्हें सबसे पहले पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी चाहिए। यदि किसी ने श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है तो उसे कानून के अनुसार दंड मिलना चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार सहित जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Topics: