Loading...

Politics / सोलन नगर निगम में बहुमत भाजपा का, कांग्रेस जनादेश हड़पने की कोशिश कर रही : राकेश जमवाल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 30 Jun 2026 • 1 Min Read

Politics : सोलन नगर निगम में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के बावजूद कांग्रेस सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और जनादेश प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है। राकेश जमवाल ने नियमों में संशोधन और सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले में कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

शिमला

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर सोलन नगर निगम में सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस सरकार सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर महापौर और उपमहापौर पद पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है।राकेश जमवाल ने कहा कि 23 जून को नियमों में किए गए संशोधन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से किए गए हैं। उनके अनुसार पहले ऐसे मामलों में एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर सुनवाई होती थी, लेकिन अब अधिकारों का केंद्रीकरण कर पूरी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अयोग्य घोषित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि नगर निगम में बहुमत का गणित बदला जा सके। उन्होंने इसे जनता के जनादेश और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताया।भाजपा नेता ने कहा कि सोलन की जनता ने स्पष्ट जनादेश भाजपा के पक्ष में दिया है, लेकिन कांग्रेस सरकार प्रशासन पर दबाव बनाकर, नियमों में बदलाव कर और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर इस जनादेश को पलटने का प्रयास कर रही है। इससे संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

राकेश जमवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों से संविधान और कानून के अनुसार निष्पक्ष तरीके से कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही किसी राजनीतिक दल के प्रति नहीं, बल्कि लोकतंत्र और कानून के प्रति होती है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस पूरे मामले में कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ेगी। यदि कांग्रेस सरकार जनादेश बदलने का प्रयास जारी रखती है तो भाजपा न्यायालय से लेकर जनता के बीच तक हर स्तर पर इसका विरोध करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता लोकतंत्र के साथ किसी भी प्रकार के खिलवाड़ का उचित समय पर जवाब देगी।

Related Topics: