Loading...

Politics / जनता पर नए शुल्क थोप रही कांग्रेस सरकार, आयुष्मान भुगतान में देरी से गरीबों का इलाज प्रभावित : विनय गुप्ता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 53 Mins Ago • 1 Min Read

Politics : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने कांग्रेस सरकार पर नए शुल्क लगाकर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लंबित भुगतान समय पर जारी नहीं होने से गरीब मरीजों के इलाज पर असर पड़ने की बात कही। साथ ही सरकार से लंबित भुगतान जारी करने और प्रस्तावित कचरा संग्रहण शुल्क के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।

शिमला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने कांग्रेस सरकार पर जनता पर लगातार नए-नए शुल्क लगाकर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जहां गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, वहीं प्रदेश सरकार उनके प्रभावी क्रियान्वयन में बाधा बन रही है।विनय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही कई प्रकार के कर और शुल्क लगा चुकी है तथा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कचरा संग्रहण शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि इससे ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जो पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तीय कुप्रबंधन के कारण आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के लंबित भुगतान समय पर नहीं किए जा रहे हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों के इलाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अस्पतालों को समय पर भुगतान नहीं मिला तो योजना का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाएगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा के बजाय जनता पर नए आर्थिक बोझ डालने में लगी है। उन्होंने सरकार से आयुष्मान भारत योजना के लंबित भुगतान तत्काल जारी करने, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित कचरा संग्रहण शुल्क के निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा जनता पर नए शुल्क लगाने की नीति वापस लेने की मांग की।उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनविरोधी फैसलों पर कांग्रेस सरकार को जवाबदेह बनाएगी।

Related Topics: