प्रवास / उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 31 जुलाई से दो दिवसीय चंबा दौरे पर, विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण
प्रवास : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 31 जुलाई से चंबा जिले के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की छठी सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही चंबा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के भूमि पूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
चंबा
विभागीय प्रवक्ता के अनुसार उपमुख्यमंत्री 31 जुलाई को दोपहर बनीखेत पहुंचेंगे, जहां उनका संक्षिप्त ठहराव रहेगा। इसके बाद वह शाम 5 बजे चंबा के लिए रवाना होंगे। रात्रि 8:30 बजे चंबा चौगान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की छठी सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
एक अगस्त को कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
एक अगस्त को उपमुख्यमंत्री चंबा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। सुबह 10:30 बजे चंबा चौगान में अग्निशमन व्यवस्था सुधार कार्य की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे ग्राम पंचायत साच में पेयजल योजना साच-परेल-सुल्तानपुर के संवर्धन कार्य का उद्घाटन करेंगे।
सिंचाई योजनाओं की भी रखेंगे आधारशिला
दोपहर एक बजे भाला में बहाव सिंचाई योजना भाला-टिपरी-चलेरा का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर दो बजे ग्राम पंचायत साहू में बहाव सिंचाई योजना के पुनर्निर्माण (रीमॉडलिंग) कार्य की आधारशिला रखी जाएगी। सभी कार्यक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री जिला ऊना के लिए प्रस्थान करेंगे।