प्रवास / डॉ. धनीराम शांडिल 30 और 31 जुलाई को सोलन विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे
प्रवास : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 30 और 31 जुलाई को सोलन विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह नई इलेक्ट्रिक बसों के लोकार्पण समारोह में शामिल होने के साथ-साथ शिक्षा, विकास और जन शिकायतों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सोलन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को सुबह 10:30 बजे डॉ. धनीराम शांडिल मुख्यमंत्री के साथ एचपीटीडीसी होटल मेघदूत, क्यारीघाट में नई इलेक्ट्रिक बसों के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सोलन में जिला संसाधन कक्ष का लोकार्पण करेंगे तथा सीडब्ल्यूएसएन विद्यार्थियों के लिए सहायक उपकरण वितरित करेंगे।
विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, सोलन में जिला स्तरीय अधिकारियों और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सोलन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की करेंगे अध्यक्षता
31 जुलाई को सुबह 11:30 बजे डॉ. धनीराम शांडिल उपायुक्त कार्यालय, सोलन में जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों और जन शिकायतों की समीक्षा कर उनके समयबद्ध समाधान पर चर्चा की जाएगी।