प्रवास / राज्यपाल कविंद्र गुप्ता 2 और 3 सितंबर को ऊना में, दो कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
प्रवास / राज्यपाल कविंद्र गुप्ता 2 और 3 सितंबर को ऊना जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह समूरकलां स्थित लता मंगेशकर कला केंद्र में ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान के कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और आईआईआईटी ऊना के आठवें दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
राज्यपाल 2 सितंबर को दोपहर बाद 3 बजे लता मंगेशकर कला केंद्र, समूरकलां में ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में सांसद अनुराग ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद राज्यपाल का रात्रि ठहराव ऊना के सर्किट हाउस में होगा। ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा, संस्कार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
आईआईआईटी ऊना के दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्यातिथि
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता 3 सितंबर को सुबह 11 बजे लता मंगेशकर कला केंद्र में आयोजित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना के आठवें दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद उनका शिमला प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
