स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्टूबर को ऊना में करेगी ऑडिट मामलों की समीक्षा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्टूबर को ऊना जिले के दौरे पर रहेगी। समिति जिला परिषद हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऑडिट पैराग्राफ, पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली और विभिन्न निकायों से जुड़े सीएजी ऑडिट मामलों की समीक्षा करेगी। प्रशासन ने अधिकारियों को आवश्यक डाटा और रिपोर्ट समय पर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
समिति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने शनिवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने समीक्षा के लिए आवश्यक डाटा और रिपोर्ट 19 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध करवाने को कहा। अधिकारियों को ऑडिट पैराग्राफ से संबंधित रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार करने तथा सभी जरूरी विवरण शामिल करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि समिति की बैठक 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में होगी। इसमें हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ और पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पंचायती राज और शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों से संबंधित सीएजी ऑडिट पैराग्राफ पर भी चर्चा होगी।
तैयारियों से संबंधित बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी विभागों से निर्धारित समयसीमा के भीतर संपूर्ण रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि समिति के समक्ष ऑडिट से जुड़े मामलों और विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी रखी जा सके।