प्रवास / शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तीन दिन चंबा में, स्कूल भवनों और विज्ञान खंड का करेंगे उद्घाटन
प्रवास / शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह डलहौजी में सेक्रेड हार्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 125वें वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही सैहली और कुगती में नवनिर्मित स्कूल भवनों तथा मांधा में विज्ञान खंड का उद्घाटन करेंगे।
चंबा
विभागीय प्रवक्ता के अनुसार शिक्षा मंत्री 23 अक्तूबर की शाम डलहौजी पहुंचेंगे। वह 24 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे सेक्रेड हार्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी के 125वें वर्षगांठ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद उनका रात्रि ठहराव चंबा में निर्धारित किया गया है।
रोहित ठाकुर 25 अक्तूबर को राजकीय उच्च विद्यालय सैहली के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। दोपहर बाद वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में विज्ञान खंड का उद्घाटन करने के बाद बन्नी माता मंदिर जाएंगे। उस दिन उनका रात्रि ठहराव भरमौर में रहेगा।
शिक्षा मंत्री 26 अक्तूबर को सुबह 8:30 बजे भरमौर से कुगती के लिए रवाना होंगे। कुगती पहुंचने के बाद वह राजकीय उच्च विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा मंत्री के इसके बाद के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।