प्रवास / 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा दौरे पर रहेंगे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, स्कूल भवनों का करेंगे उद्घाटन
प्रवास / शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह डलहौजी में सेक्रेड हार्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 125वें वर्षगांठ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा मैहला, सैहली, मांधा और कुगती के शिक्षण संस्थानों से जुड़े उद्घाटन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
चंबा
विभागीय प्रवक्ता ने शिक्षा मंत्री के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रोहित ठाकुर 23 अक्तूबर की शाम डलहौजी पहुंचेंगे। वह 24 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे सेक्रेड हार्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी के 125वें वर्षगांठ समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम के बाद उनका रात्रि ठहराव चंबा में निर्धारित किया गया है।
शिक्षा मंत्री 25 अक्तूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला और राजकीय उच्च विद्यालय सैहली के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह दोपहर बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में तैयार किए गए विज्ञान खंड का उद्घाटन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उस दिन उनका रात्रि ठहराव भरमौर में रहेगा।
रोहित ठाकुर 26 अक्तूबर को सुबह 8:30 बजे भरमौर से कुगती के लिए रवाना होंगे। कुगती पहुंचने के बाद वह राजकीय उच्च विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। विभागीय प्रवक्ता के अनुसार शिक्षा मंत्री के इसके बाद के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।