संजय अवस्थी ने भूमति में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने भूमति के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीन दिवसीय खण्ड स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 22 विद्यालयों के 334 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग तथा टीम भावना विकसित करने में सहायक हैं।
सोलन/अर्की
संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित करना आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध करवाने की जरूरत है। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर की स्पर्धाओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पार्किंग निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की घोषणा
संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत भूमति में पार्किंग के अतिरिक्त निर्माण के लिए तीन लाख रुपये और आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमति के विद्यार्थियों को 41 स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध करवाने तथा ओपन जिम के लिए धनराशि देने का आश्वासन भी दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को ऐच्छिक निधि से 5100 रुपये देने की घोषणा की गई। इस दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रक्तदान शिविर में भी हुए शामिल
इससे पहले संजय अवस्थी संत निरंकारी मिशन की अर्की इकाई द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं द्वारा दिया गया रक्त सभी आयु वर्ग के लोगों का जीवन बचाने में मदद करता है और रक्तदान स्वयं व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने लोगों से रक्तदान करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालयों के खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, अध्यापक, आयोजन समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
