प्रवास / 22 अक्टूबर को ऊना पहुंचेगी स्थानीय निधि लेखा समिति, ऑडिट और वित्तीय रिकॉर्ड की होगी समीक्षा
प्रवास / हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्टूबर को ऊना का दौरा करेगी। समिति सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यप्रणाली, ऑडिट पैराग्राफ और वित्तीय लेखा-जोखा से जुड़े मामलों की समीक्षा करेगी। प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
समिति के दौरे की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने शनिवार को डीआरडीए के बैठक कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को समीक्षा के लिए जरूरी आंकड़े, दस्तावेज और रिपोर्ट निर्धारित समय के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। सभी विभागों को संबंधित सामग्री 19 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी, दोनों प्रारूपों में उपलब्ध करवानी होगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने ऑडिट पैराग्राफ से संबंधित रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि रिपोर्ट में सभी आवश्यक तथ्य और विवरण पूर्ण रूप से शामिल किए जाएं। समिति के समक्ष प्रस्तुत होने वाले रिकॉर्ड को व्यवस्थित, स्पष्ट और तथ्यात्मक रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि समीक्षा की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
तीन वर्षों की कार्यप्रणाली पर भी होगी चर्चा
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि समिति के प्रवास के दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ और पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही पंचायती राज एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के ऑडिट पैराग्राफ पर भी चर्चा होगी।
तैयारियों से जुड़ी बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल और नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने अधिकारियों को समय सीमा का पालन करते हुए समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाने वाली समस्त सामग्री पूरी और निर्धारित प्रारूप में तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।