पूर्व गर्भधारण महिलाओं की जांच हेतु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
अंब स्वास्थ्य खंड के सहलाना उप स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व गर्भधारण महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिलाओं की बीएमआई, रक्तचाप और रक्त जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और गर्भावस्था से पहले महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच सुनिश्चित करना रहा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप मंडल एवं स्वास्थ्य खंड अंब की ग्राम पंचायत राजपुरा जसवां के जगन्नाथ मंदिर के सहलाना उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सीय सुविधाओं का विस्तार(WINGS Scale-Up) कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व गर्भधारण महिलाओं की जांच कार्यक्रम हेतु एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पूर्व गर्भधारण से पहले महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जिसमें उनका ऊंचाई, भार एवं शारीरिक द्रव्यमान सूचकांक (BMI) मापा गया। साथ ही महिलाओं का रक्तचाप (BP) जांच की तथा रक्त जांच भी की गई। शिविर में उपस्थित सभी लाभार्थियों को यह समस्त स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं।
इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जब कोई पूर्व गर्भधारण से पहले महिला गर्भवती हो, तो वह पूर्णतः स्वस्थ हो, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सके तथा गर्भावस्था के दौरान संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को प्रारंभिक स्तर पर ही पहचाना एवं रोका जा सके।यह शिविर स्वास्थ्य खंड अधिकारी अंब डॉ० राहुल कतना की अध्यक्षता में आयोजित किया गया तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० संजीव वर्मा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
