राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंचीं बिलासपुर, AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह में 92 प्रशिक्षुओं को मिलेंगी डिग्रियां
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर पहुंच गई हैं। वह एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगी, जहां 92 प्रशिक्षुओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एम्स परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बिलासपुर
मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया राष्ट्रपति का स्वागत
राष्ट्रपति के बिलासपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री राष्ट्रपति के आगमन से पहले ही बिलासपुर पहुंच गए थे। उन्होंने एम्स परिसर में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से भी मुलाकात की और राष्ट्रपति के दौरे तथा दीक्षांत समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में 92 प्रशिक्षुओं को डिग्रियां
एम्स बिलासपुर के लिए यह पहला दीक्षांत समारोह है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शिक्षा और प्रशिक्षण पूरा करने वाले 92 प्रशिक्षुओं को डिग्रियां प्रदान करेंगी। इनमें एमबीबीएस, एमडी-एमएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे।
250 पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर एम्स परिसर और उनके आवागमन वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। करीब 250 पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया है। घागस और जबली में यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान आवश्यकता के अनुसार यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
राज्यपाल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री समेत कई नेता रहेंगे मौजूद
दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के शामिल होने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति की मौजूदगी में पहली बार एम्स बिलासपुर के विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।