Loading...

Pulse Polio / सिरमौर में 28 जून को 61,181 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 538 बूथ होंगे स्थापित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Pulse Polio : सिरमौर जिले में 28 जून 2026 को 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 61,181 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला भर में 538 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जबकि 2152 बूथ सदस्य और 4 मोबाइल टीमें भी अभियान में तैनात रहेंगी। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जिला स्तरीय कार्य बल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

नाहन

उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि 28 जून को जो बच्चे पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि इस सघन पल्स पोलियो अभियान को जन आंदोलन के रूप में लें और 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलवाएं। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, तभी अभियान का लक्ष्य पूरा होगा।

प्रचार-प्रसार और प्रवासी बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों की प्रार्थना सभा के दौरान पल्स पोलियो अभियान की जानकारी दी जाए, ताकि बच्चों के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके। उद्योग विभाग को भी कहा गया है कि जिला के उद्योगों में कार्यरत मजदूरों के 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी प्रवासी या कामगार परिवार का बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए। इसके अलावा पंचायतों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

एचआरटीसी और स्वास्थ्य विभाग को भी दिए गए विशेष निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने में सहयोग मिल सके। स्वास्थ्य विभाग को प्रवासी आबादी, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों और दूर-दराज क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। उपायुक्त ने एचआरटीसी को भी निर्देश दिए कि 28 जून को यदि किसी बस में 0 से 5 वर्ष आयु का बच्चा यात्रा कर रहा हो, तो सड़क किनारे स्थापित पोलियो बूथ पर बस रोककर उसे पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और स्वास्थ्य खंडों के चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया।

Related Topics: