आदर्श अस्पताल संगड़ाह में विधायक विनय कुमार ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
आदर्श अस्पताल संगड़ाह में विधायक विनय कुमार ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करते हुए अभिभावकों से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील की। स्वास्थ्य खंड संगड़ाह में 84 बूथों पर 6,427 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है तथा छूटे हुए बच्चों को अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर दवा दी जाएगी।
संगड़ाह
आदर्श अस्पताल संगड़ाह में रविवार को स्थानीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के अभियान को सफल बनाया जा सके।
खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील कक्कड़ ने बताया कि स्वास्थ्य खंड संगड़ाह में अभियान के तहत 84 बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 6,427 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए 336 आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य कर्मचारियों के साथ सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एसडीएम संगड़ाह द्वारा विभिन्न विभागों के वाहन भी उपलब्ध करवाए गए हैं। जिन बच्चों को पहले दिन दवा नहीं मिल पाएगी, उन्हें अगले दो दिनों के दौरान घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
आदर्श स्वास्थ्य संस्थान में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
प्रदेश सरकार द्वारा संगड़ाह अस्पताल को रेणुका विधानसभा क्षेत्र का आदर्श स्वास्थ्य संस्थान अधिसूचित किए जाने के बावजूद यहां स्वास्थ्य सेवाएं संसाधनों के अभाव से जूझ रही हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार अस्पताल में चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों के स्वीकृत 10 पदों में से 7 पद रिक्त हैं। इसके अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और जनरेटर जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। चिकित्सकों की कमी के बावजूद यहां से एक चिकित्सक को प्रतिनियुक्ति पर जिला किन्नौर भेजा गया है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।