Loading...

पंजाब बंद से ऊना में रुकीं एचआरटीसी की बाहरी बसें, आईएसबीटी पर यात्री परेशान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 46 Mins Ago • 1 Min Read

पंजाब में बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर शुक्रवार को बुलाए गए बंद का असर हिमाचल प्रदेश की बस सेवाओं पर भी पड़ा। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने पंजाब की ओर जाने वाली बसों का संचालन दोपहर 2 बजे तक रोक दिया। इससे ऊना आईएसबीटी पर दिल्ली, चंडीगढ़, नालागढ़ और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बस सेवा बहाल होने की पुख्ता जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

पंजाब बंद की अवधि दोपहर 2 बजे तक निर्धारित होने के कारण एचआरटीसी के कई बाहरी रूट प्रभावित हुए। ऊना आईएसबीटी पर यात्री बसों का संचालन शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दोपहर 2 बजे के बाद सेवाएं तत्काल बहाल होंगी या नहीं। पंजाब के रास्ते दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा की ओर जाने वाली बसें नहीं चलने के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कोई निश्चित विकल्प नहीं मिल सका।

यात्रियों ने बताई परेशानी

हरियाणा के पिंजौर जा रहीं पूनम शर्मा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ करीब चार घंटे से आईएसबीटी में बस का इंतजार कर रही थीं। उनके अनुसार, दोपहर 2 बजे के बाद बस सेवा बहाल होने को लेकर भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल रही थी। नालागढ़ जाने वाले कांगड़ा निवासी सुनील कुमार और अरुण कुमार ने भी बताया कि वे काफी देर तक बस अड्डे पर रुके रहे, लेकिन उन्हें अपने गंतव्य के लिए कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं हुई।

हालात की समीक्षा के बाद संचालन

एचआरटीसी के अड्डा इंचार्ज संदीप राणा ने बताया कि पंजाब में बंद के कारण निगम की बसों को दोपहर 2 बजे के बाद ही प्रदेश से बाहर भेजने का निर्णय लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद भी पंजाब की परिस्थितियों का आकलन करने के पश्चात ही बसों को रवाना किया जाएगा। पंजाब बंद के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम को कई रूट स्थगित करने पड़े, जिससे ऊना आईएसबीटी पर बाहरी राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

Related Topics: