Loading...

लोकगीत गायन में चमके राजगढ़ कॉलेज के अक्षित, एचपीयू युवा महोत्सव में मिला दूसरा स्थान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 58 Mins Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के विद्यार्थी अक्षित ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव ग्रुप-2 की लोकगीत एकल गायन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 41 महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अक्षित ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी गायन प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुति से यह उपलब्धि प्राप्त की।

राजगढ़

21 अक्टूबर को मिली जानकारी के अनुसार, युवा महोत्सव में अक्षित ने अपनी मधुर आवाज और सुरों की समझ से निर्णायकों को प्रभावित किया। लोकगीत एकल गायन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान मिलने से राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ की सांस्कृतिक उपलब्धियों में एक और अध्याय जुड़ गया है। महाविद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया है।

राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ की प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने अक्षित और संगीत विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सविता सहगल को इस सफलता पर बधाई दी। उन्होंने अक्षित की मेहनत, लगन और संगीत प्रतिभा की सराहना करने के साथ ही प्रतियोगिता की तैयारी में डॉ. सविता सहगल के मार्गदर्शन और प्रयासों की प्रशंसा की। प्राचार्य ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

Related Topics: •