एनसीसी प्रमाण-पत्र परीक्षा में राजगढ़ महाविद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ की एनसीसी इकाई ने ‘बीईई’ और ‘सीईई’ प्रमाण-पत्र परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। परीक्षा में शामिल सभी 33 कैडेट्स सफल रहीं और महाविद्यालय में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को अनुशासन, प्रशिक्षण और कैडेट्स की मेहनत का परिणाम बताया।
राजगढ़
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई ने इस वर्ष आयोजित ‘बीईई’ एवं ‘सीईई’ प्रमाण-पत्र परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा में शामिल सभी 33 कैडेट्स सफल रहीं। इनमें 12 कैडेट्स ने ‘बीईई’ तथा 21 कैडेट्स ने ‘सीईई’ प्रमाण-पत्र परीक्षा उत्तीर्ण की।इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्राचार्या डॉ. मीनू भास्कर जीवन, महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य, एनसीसी के पीआई स्टाफ, कैडेट्स तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
एनसीसी प्रभारी अधिकारी प्रोफेसर पूनम शर्मा ने बताया कि कैडेट्स ने कई माह तक अनुशासित ढंग से तैयारी की। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ड्रिल, शारीरिक दक्षता, सामाजिक सेवा, आपदा प्रबंधन तथा नेतृत्व विकास जैसे विषयों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम परीक्षा में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत सफलता कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है तथा इसमें महाविद्यालय परिवार का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्राचार्या डॉ. मीनू भास्कर जीवन ने सफल कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है तथा भविष्य में भी छात्राओं को इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
