Loading...

राजगढ़ में कांग्रेस जोन कॉर्डिनेटरों की बैठक, वीरभद्र सिंह और सदानंद को दी श्रद्धांजलि

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजगढ़ में आयोजित कांग्रेस जोन कॉर्डिनेटरों की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सदानंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और जनहितकारी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

राजगढ़

राजगढ़ में कांग्रेस पार्टी के जोन कॉर्डिनेटरों की बैठक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी.आर. मुसाफिर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक की शुरुआत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। वक्ताओं ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हिमाचल प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, जिनका लाभ प्रदेश की जनता आज भी प्राप्त कर रही है।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इसके बाद पच्छाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महासचिव स्वर्गीय सदानंद को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सदानंद ने वर्षों तक संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सरल स्वभाव, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा। उनका निधन कांग्रेस संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, वरिष्ठ नेता जी.आर. मुसाफिर, विवेक शर्मा, अमन ठाकुर, राजकुमार, परीक्षा चौहान, दिनेश आर्य, दुर्गेश कुमार, धर्म सिंह, हनी भारद्वाज, भूपेंद्र, बीबी, राम लाल, ओम प्रकाश, राज्य, यशपाल, जाती राम, सुरेंद्र भुट्टो, बलबीर, सोहन सिंह, प्रेम सागर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का भी संकल्प लिया गया।