राजगढ़ विकास खंड में पंचायत चुनाव का शेड्यूल घोषित, 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान
Himachalnow / रराजगढ़
राजगढ़ विकास खंड में पंचायत चुनाव को लेकर तीन चरणों में मतदान का शेड्यूल घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने की योजना बनाई गई है। तीन अलग-अलग चरणों में विभिन्न पंचायतों में मतदान कराया जाएगा।
राजगढ़
विकास खंड राजगढ़ में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होते ही क्षेत्र में चुनावी माहौल सक्रिय हो गया है और विभिन्न पंचायतों में हलचल बढ़ गई है।निर्वाचन अधिकारी एवं विकास खंड अधिकारी कुलदीप ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एक पोलिंग पार्टी द्वारा तीन पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ-साथ मतदान प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा किया जा सकेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान तीन चरणों में कराया जाएगा।प्रथम चरण में 26 मई को 11 पंचायतों—टाली भुज्जल, देवठी मझगांव, कोटला बांगी, कडोली दोची, नेहरटी बघोट, शिलांजी, थैनाबसोतरी, दाहन, छोगटाली, नेहरपाब और काथली भरण में मतदान होगा।द्वितीय चरण में 28 मई को माटल बखोग, राणाघाट, धनच मानवा, शाया सनौरा, करगाणु, भाणत, बोहल टालिया, दीदग, कोठिया जाजर और डिम्बर पंचायतों में मतदान कराया जाएगा।
तृतीय चरण में 30 मई को कोटी पधोग, डिब्बर, नेईनेटी, जदोल टपरोली, चंदोल, सेर जगास, नेरी कोटली, शलाना, भुईरा, टिक्कर और ठौड़ निवाड़ पंचायतों में मतदान संपन्न होगा।निर्वाचन अधिकारी कुलदीप ठाकुर ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और कर्मचारियों की तैनाती चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।चुनावी कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही अब पंचायत स्तर पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।