एसडीएम ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, जनहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का आह्वान
विकासखंड राजगढ़ के विभिन्न वार्डों से निर्वाचित 15 पंचायत समिति सदस्यों ने ब्लॉक कार्यालय राजगढ़ में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने सभी सदस्यों से जनहित, पारदर्शिता और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए निष्ठापूर्वक दायित्व निभाने का आह्वान किया। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्षेत्र के समग्र विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
राजगढ़
विकासखंड राजगढ़ के अंतर्गत विभिन्न वार्डों से निर्वाचित 15 पंचायत समिति सदस्यों ने शुक्रवार को ब्लॉक कार्यालय राजगढ़ के सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।एसडीएम ने सदस्यों को जनहित, पारदर्शिता और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और जनप्रतिनिधियों की भूमिका क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में अहम होती है।
शपथ ग्रहण करने वालों में कोटी पधोग से सुदर्श कुमार, शाया सनोरा से रंजू बाला, नेहरटी बघोट से सरिता देवी, हाब्बन से नीलम, दाहन से निखिल, बोहल टालिया से विवेक, दिदग से राजेश, भूईरा से सुखी देवी, काथली भरण से सुनील कुमार, टिक्कर से भूपेंद्र, कारगाणु से पुष्पा देवी, शिलांजी से सीमा देवी, राणाघाट से निशा देवी, कडोली दोची से रमा देवी तथा देवठी मझगांव से दिनेश कुमार शामिल रहे।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों तथा स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्षेत्र के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।अंत में एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने सभी सदस्यों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।