Loading...

रक्षाबंधन पर नई दिशा नशा मुक्ति केंद्र में युवाओं ने लिया नशा छोड़ने का संकल्प

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Hours Ago • 1 Min Read

बद्दी के कुल्हाड़ीवाला स्थित नई दिशा ड्रग काउंसलिंग एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर में रक्षाबंधन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपचार ले रहे युवाओं ने नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया। ब्रह्मकुमारी आश्रम से आई बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और नशे की लत से हमेशा के लिए बाहर आने का वचन लिया।

बद्दी

कार्यक्रम में बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की रक्षा करने और जीवन को सही दिशा देने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने केंद्र में रह रहे युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

नई दिशा नशा मुक्ति केंद्र की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में उपचाररत युवाओं ने बहनों से राखी बंधवाई। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, नशे से दूर रहने और परिवार की खुशियां लौटाने का वचन दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया।

समाज के सहयोग को बताया जरूरी

केंद्र के मुख्य संचालक संजीव गर्ग ने कहा कि संस्था युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके अनुसार समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही नशामुक्त और स्वस्थ समाज बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व युवाओं को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Related Topics: