रामपुर फोरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में हमीरपुर वन सर्कल बना ओवरऑल चैंपियन, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
शिमला जिले के रामपुर में आयोजित हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में हमीरपुर वन सर्कल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि रामपुर वन सर्कल दूसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना की सराहना की।
रामपुर
वन विभाग की यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 11 से 13 सितम्बर तक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के साथ टीम एकता, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों की भागीदारी और प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपनी प्रतिबद्धता और खेल भावना के लिए सराहना का पात्र है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विभागीय आयोजन कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों के बीच भाईचारा, आपसी समन्वय और टीम भावना मजबूत करने में भी ऐसे आयोजनों की उपयोगी भूमिका रहती है।
वन संरक्षण में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग प्रदेश की समृद्ध वन संपदा की रक्षा और संरक्षण के साथ पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वन एवं जैव विविधता संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के स्थायी प्रबंधन में विभागीय कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताएं उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ एकता और भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करती हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने और कर्मचारियों के साथ युवाओं में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल गतिविधियों में नियमित भागीदारी से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, तनाव कम करने में सहायता मिलती है और कार्य दक्षता में सुधार आता है। प्रतियोगिता के समापन पर हमीरपुर वन सर्कल को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि मेजबान रामपुर वन सर्कल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।