Loading...

राज्यव्यापी री-केवाईसी अभियान के तहत सोलन में मेगा जागरूकता शिविर आयोजित, 15 जुलाई तक प्रक्रिया पूरी करने की अपील

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भारतीय रिजर्व बैंक शिमला द्वारा राज्यव्यापी री-केवाईसी संतृप्ति अभियान के तहत सोलन में मेगा जागरूकता एवं संतृप्ति शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक ग्राहकों को री-केवाईसी, साइबर सुरक्षा, डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय समावेशन से संबंधित जानकारी दी गई तथा 15 जुलाई तक अभियान का लाभ उठाने की अपील की गई।

सोलन

राज्यव्यापी री-केवाईसी अभियान के तहत आयोजित हुआ जागरूकता शिविर

भारतीय रिजर्व बैंक, शिमला द्वारा यूको बैंक और अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय, सोलन के सहयोग से जिला परिषद सभागार, सपरून में मेगा री-केवाईसी जागरूकता एवं संतृप्ति शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बैंक ग्राहकों को समय पर री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक करना, सुरक्षित एवं निर्बाध बैंकिंग सेवाओं को बढ़ावा देना, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय रिजर्व बैंक के मुख्य महाप्रबंधक आर. गिरिधरन ने किया।

री-केवाईसी और साइबर सुरक्षा पर दी गई विस्तृत जानकारी

मुख्य महाप्रबंधक आर. गिरिधरन ने कहा कि री-केवाईसी प्रक्रिया बैंकिंग सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ वित्तीय एवं साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच फर्जी फोन कॉल, एसएमएस, ई-मेल, व्हाट्सएप संदेश, फिशिंग लिंक, नकली मोबाइल एप, केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी तथा यूपीआई आधारित साइबर धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बैंक ग्राहकों से ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत बैंक और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की।

अभियान के उद्देश्य और प्रक्रिया की दी गई जानकारी

यूको बैंक के उप महाप्रबंधक एवं एसएलबीसी संयोजक कमल शर्मा ने राज्यव्यापी री-केवाईसी संतृप्ति अभियान के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य प्रत्येक पात्र बैंक ग्राहक तक सुरक्षित एवं निर्बाध बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान ग्राहकों को री-केवाईसी की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, वीडियो केवाईसी, स्व-घोषणा प्रक्रिया, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की जानकारी देकर पात्र ग्राहकों का नामांकन भी किया गया।

15 जुलाई तक चलेगा राज्यव्यापी अभियान

अधिकारियों ने बताया कि राज्यव्यापी री-केवाईसी संतृप्ति अभियान 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलाया जा रहा है। जिन ग्राहकों के नाम और पते में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है, वे स्व-घोषणा के माध्यम से भी री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। जबकि विवरण में परिवर्तन होने की स्थिति में अद्यतन पहचान एवं पते के प्रमाण-पत्र जमा कर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। अधिकारियों ने सभी पात्र बैंक ग्राहकों से निर्धारित अवधि के भीतर अभियान का लाभ उठाने का आग्रह किया।

225 बैंक ग्राहकों ने लिया भाग

मेगा जागरूकता एवं संतृप्ति शिविर में लगभग 225 बैंक ग्राहकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक, शिमला के उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह ओझला, सहायक महाप्रबंधक आशीष शर्मा एवं पूजा चंद, अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक सोलन तमन्ना मोदगिल सहित विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: