रैणुका जी के सात स्वास्थ्य संस्थानों में सात चिकित्सकों की तैनाती
रैणुका जी विधानसभा क्षेत्र के सात स्वास्थ्य संस्थानों में सात चिकित्सकों की नियुक्ति के साथ हरिपुरधार के लिए एक्स-रे और संगड़ाह के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन स्वीकृत की गई है। इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।
हरिपुरधार
रैणुका जी विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने सात स्वास्थ्य संस्थानों में सात चिकित्सकों की नियुक्ति कर बड़ी राहत दी है। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुरधार के लिए एक्स-रे मशीन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्वीकृत की गई है। इस फैसले से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से अधिक सुलभ होंगी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रैणुका जी के विधायक विनय कुमार के प्रयासों से सीएचसी हरिपुरधार, सीएचसी संगड़ाह, पीएचसी गताधार, टीकरी डसाकना, भराड़ी, चोकर और लाना चेता में चिकित्सकों की तैनाती की गई है। लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे इन संस्थानों में अब नियमित स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
हरिपुरधार में एक्स-रे मशीन स्थापित होने से हरिपुरधार-मेहल, कुपवी-चौपाल, लादी तथा नौहराधार क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं संगड़ाह में अल्ट्रासाउंड मशीन मिलने से पूरे रैणुका जी विधानसभा क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष एवं आरटीए सदस्य दिलीप चौहान, हरिपुरधार-मेहल क्षेत्र कांग्रेस अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत ब्रोल के प्रधान अनिल शर्मा तथा ग्राम पंचायत गेहल-डिमाईना के प्रधान ओपी ठाकुर ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, जिससे आम लोगों को बेहतर और समयबद्ध उपचार का लाभ मिलेगा।
