रोहड़ू-चिड़गांव को 24.13 करोड़ की पांच पेयजल और सिंचाई योजनाओं की सौगात
रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में पेयजल तथा सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 24.13 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाएं जनता को समर्पित की गई हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चिड़गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीन पेयजल और दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से संबंधित ग्राम पंचायतों और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने के साथ बागवानी भूमि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।
शिमला/रोहड़ू
तीन पेयजल योजनाओं पर कुल 11.36 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें चिड़गांव तहसील की ग्राम पंचायत कुलगांव के बडियारा और समीपवर्ती क्षेत्रों में कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए 2.76 करोड़ रुपये की योजना शामिल है। ग्राम पंचायत भांफड के चिल्लाला और आसपास के गांवों के लिए 5.20 करोड़ रुपये की कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन योजना भी जनता को समर्पित की गई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत संधा-भोंडा और आसपास के क्षेत्रों के लिए 3.40 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण हुआ।
सिंचाई परियोजनाओं पर 12.77 करोड़ रुपये खर्च
क्षेत्र में बागवानी और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए दो उठाऊ सिंचाई योजनाएं शुरू की गई हैं। तहसील रोहड़ू की ग्राम पंचायत शेखल में लहासा से शेखल तक बागवानी भूमि के लिए 4.75 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना का लोकार्पण किया गया। वहीं, चिड़गांव तहसील की जांगला ग्राम पंचायत में कुलगांव और आसपास के क्षेत्रों के लिए 8.02 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना जनता को समर्पित की गई। दोनों योजनाओं की कुल लागत 12.77 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पेयजल आपूर्ति योजनाओं से संबंधित गांवों के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वसनीय पेयजल उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी। घरेलू नल कनेक्शन और उठाऊ पेयजल योजनाओं से स्थानीय जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। इसके साथ ही उठाऊ सिंचाई परियोजनाएं क्षेत्र में सिंचाई के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और बागवानी भूमि तक पानी पहुंचाने में मदद करेंगी।