रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने संभाला शहर के सौंदर्यीकरण का जिम्मा, नाहन-शिमला रोड चौक से शुरुआत
रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने नाहन शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अभियान शुरू किया है। इसकी शुरुआत नाहन-शिमला रोड स्थित एक चौक को आकर्षक स्वरूप देने और वहां स्वागत बोर्ड लगाने से हुई। क्लब ने इस पहल को शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों तक विस्तारित करने की बात कही है।
नाहन
नाहन-शिमला रोड स्थित चौक के सौंदर्यीकरण के बाद आयोजित उद्घाटन समारोह में रोटरी क्लब नाहन संगिनी की अध्यक्ष मोनिका जैन के साथ दीपा बंसल, सोना चंदन, ममता जैन, रिजी और सारिका धवन समेत क्लब की वरिष्ठ सदस्याएं मौजूद रहीं। चौक पर रोटरी क्लब नाहन और रोटरी क्लब नाहन संगिनी की ओर से स्वागत बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं।
क्लब की सदस्यों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नाहन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की इस पहल को आने वाले समय में अन्य स्थानों तक भी बढ़ाया जाएगा। सदस्यों के अनुसार ऐसे प्रयास नागरिकों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और गर्व की भावना को मजबूत करते हैं। शहरवासियों ने भी क्लब की पहल की सराहना की है।
